पर्यूषण में कांदा-लहसुन न लाने की अपील पर विवाद; मनसे ने उठाए सवाल, नरेंद्र मेहता ने कहा—कोई जबरदस्ती नहीं

मीरा रोड की सेवन स्क्वेयर अकैडमी में पर्यूषण पर्व के दौरान विद्यार्थियों के टिफिन को लेकर भेजे गए संदेश पर मनसे ने सवाल उठाए हैं, जबकि भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता ने इसे केवल अभिभावकों से की गई अपील बताया है

Sep 10, 2026 - 23:47
 0  1
पर्यूषण में कांदा-लहसुन न लाने की अपील पर विवाद; मनसे ने उठाए सवाल, नरेंद्र मेहता ने कहा—कोई जबरदस्ती नहीं

जैन धर्म के पवित्र पर्यूषण पर्व के दौरान मीरा रोड पूर्व स्थित सेवन स्क्वेयर अकैडमी के अभिभावकों के व्हॉट्सऐप ग्रुप पर भेजे गए एक संदेश को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्कूल की ओर से अभिभावकों से विद्यार्थियों के टिफिन में कांदा, लहसुन, आलू, चुकंदर जैसे कंद-मूल पदार्थ नहीं भेजने की अपील की गई थी।

बताया गया है कि पर्यूषण पर्व के दौरान स्कूल की कैंटीन में भी कांदा, लहसुन और आलू का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। इस संदेश को लेकर कुछ अभिभावकों ने मनसे पदाधिकारी सचिन पोपळे से संपर्क किया, जिसके बाद मनसे ने स्कूल की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।

सचिन पोपळे ने सवाल उठाते हुए कहा कि विद्यार्थियों को क्या खाना चाहिए, यह तय करने का अधिकार स्कूल को किसने दिया? उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के फैसलों से बच्चों के बीच धर्म और खान-पान को लेकर भेदभाव की भावना पैदा हो सकती है।

मनसे की ओर से यह भी सवाल उठाया गया कि यदि किसी अन्य समुदाय से जुड़ा व्यक्ति स्कूल शुरू करके किसी दूसरे धार्मिक अवसर पर विद्यार्थियों को विशेष प्रकार का भोजन लाने के लिए कहे, तो क्या उसे स्वीकार किया जाएगा?

वहीं, इस पूरे विवाद पर भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता ने सफाई देते हुए कहा कि स्कूल की ओर से किसी भी प्रकार की जबरदस्ती नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि पर्यूषण एक पवित्र पर्व है और इस दौरान पशु-पक्षियों तथा जीवों के प्रति हिंसा न हो, इसी उद्देश्य से अभिभावकों से केवल विनम्र अपील की गई है।

नरेंद्र मेहता ने स्पष्ट किया कि व्हॉट्सऐप ग्रुप पर भेजे गए संदेश में भी केवल अनुरोध किया गया है, किसी विद्यार्थी या अभिभावक पर कोई दबाव नहीं डाला गया। उन्होंने इस मामले में राजनीति न करने की अपील भी की।

अब स्कूल के संदेश को लेकर मनसे के सवाल और विधायक नरेंद्र मेहता की सफाई के बाद मीरा-भाईंदर में यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया है

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow