पानी संकट पर शिवसेना का टमरेल आंदोलन, मनपा मुख्यालय के गेट पर शिवसैनिकों का धरना
मिरा-भाईंदर में लगातार बढ़ रही पानी की समस्या को लेकर शिवसेना ने महानगरपालिका मुख्यालय के बाहर टमरेल आंदोलन किया। प्रदर्शनकारियों को मनपा परिसर में प्रवेश से रोके जाने के बाद शिवसैनिकों ने गेट पर ही धरना देकर नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति की मांग की।
मिरा-भाईंदर में बढ़ती पानी की किल्लत को लेकर शिवसेना ने महानगरपालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शहर के विभिन्न इलाकों में हो रही जलापूर्ति की समस्या और नागरिकों को हो रही परेशानियों के विरोध में शिवसेना की ओर से मिरा-भाईंदर महानगरपालिका मुख्यालय के बाहर टमरेल आंदोलन किया गया।
आंदोलन में बड़ी संख्या में शिवसैनिकों के साथ स्थानीय महिलाओं ने भी भाग लिया। आंदोलनकारियों का कहना था कि शहर के कई हिस्सों में नियमित और पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है, जिससे नागरिकों को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिवसैनिक अपनी मांगों का ज्ञापन देने के लिए महानगरपालिका मुख्यालय पहुंचे थे, लेकिन उन्हें प्रवेशद्वार पर ही रोक दिया गया। इसके बाद शिवसैनिकों ने मनपा के मुख्य गेट पर ही धरना शुरू कर दिया। आंदोलन के दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मनपा मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी। वहीं कुछ शिवसैनिकों ने महापौर कक्ष के बाहर भी विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान पानी की समस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
आंदोलनकारियों ने मांग की कि शहर में व्याप्त जलसंकट का तत्काल समाधान किया जाए और सभी क्षेत्रों में नियमित एवं पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।
What's Your Reaction?