सेवन स्क्वेयर अकैडमी के संदेश पर विवाद; मनसे नेता अविनाश जाधव ने स्कूल पहुंचकर जताया विरोध
मीरा-भाईंदर में सेवन स्क्वेयर अकैडमी के अभिभावकों को भेजे संदेश को लेकर विवाद बढ़ गया है। मनसे नेता अविनाश जाधव ने स्कूल पहुंचकर संदेश पर विरोध जताते हुए इसे वापस लेने की मांग की
जैन धर्म के पर्व के मद्देनजर सेवन स्क्वेयर अकैडमी की ओर से अभिभावकों के व्हाट्सऐप ग्रुप पर भेजे गए एक संदेश को लेकर मीरा-भाईंदर में विवाद खड़ा हो गया है। स्कूल की ओर से अभिभावकों से अपील की गई थी कि विद्यार्थी अपने टिफिन में कंद-मूल, आलू, चुकंदर, प्याज, लहसुन के साथ-साथ मांसाहारी खाद्य पदार्थ लेकर न आएं।
इस संदेश के बाद शहर में चर्चा तेज हो गई। इसी मुद्दे को लेकर मनसे नेता अविनाश जाधव आज मीरा-भाईंदर पहुंचे और सेवन स्क्वेयर स्कूल में जाकर स्कूल प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
अविनाश जाधव ने आरोप लगाया कि स्कूल के माध्यम से छोटे बच्चों के बीच धर्म और जाति के आधार पर भेदभाव की भावना पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूल में पढ़ने वाले छोटे बच्चों को इस तरह की धार्मिक पहचान से जोड़ना उचित नहीं है।
जाधव ने भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मीरा-भाईंदर शहर का वातावरण खराब करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि शहर में अब तक धार्मिक रंग नहीं था, लेकिन इस तरह के संदेशों के कारण माहौल प्रभावित हो सकता है।
मनसे नेता ने स्कूल की ओर से भेजे गए इस संदेश को वापस लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसे रद्द नहीं किया गया, तो मनसे की ओर से आंदोलन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि बच्चों को धर्म और जाति के आधार पर बांटने का प्रयास किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा
What's Your Reaction?