दोपहिया वाहनों पर टोल टैक्स नहीं लगेगा, नितिन गडकरी ने मीडिया रिपोर्ट्स को बताया भ्रामक

राष्ट्रीय राजमार्ग (National Highways) पर सफर करने वाले दोपहिया वाहन चालकों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने स्पष्ट किया है कि दोपहिया वाहनों पर टोल टैक्स लगाने की कोई योजना नहीं है और पहले की तरह इन्हें टोल में पूरी तरह से छूट मिलती रहेगी।
दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा था कि केंद्र सरकार जल्द ही दोपहिया वाहनों से भी टोल टैक्स वसूलने की तैयारी कर रही है और यह नया नियम 15 जुलाई 2025 से लागू होगा। इन रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया था कि FASTag के ज़रिए दोपहिया वाहन चालकों से टोल वसूली की जाएगी और नियम का उल्लंघन करने पर 2000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा।
इन दावों के बाद स्थिति स्पष्ट करते हुए नितिन गडकरी ने कहा, “कुछ मीडिया हाउसेस द्वारा दोपहिया वाहनों पर टोल टैक्स लगाए जाने की भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं। ऐसा कोई निर्णय प्रस्तावित नहीं है। दोपहिया वाहनों को टोल टैक्स से पूरी तरह छूट मिलती रहेगी।”इस बीच केंद्र सरकार ने वाहन चालकों के लिए एक और बड़ी घोषणा की है। अब 15 अगस्त 2025 से एक नया वार्षिक पास लागू होगा। यह पास ₹3000 में मिलेगा और यह या तो एक साल या 200 यात्राओं तक (जो भी पहले हो) मान्य रहेगा। यह सुविधा निजी वाहनों के लिए उपलब्ध होगी और इससे हाईवे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सरकार की इस सफाई के बाद अब दोपहिया वाहन चालकों को राहत की सांस मिली है और भ्रमित करने वाली खबरों पर भी विराम लग गया है।
What's Your Reaction?






