महाराष्ट्र में बारिश का कहर: मुंबई-ठाणे में भारी बारिश, रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट

महाराष्ट्र में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मुंबई, ठाणे और कोंकण के अन्य हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रायगढ़ जिले के लिए रेड अलर्ट और मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पुणे और सतारा के घाट क्षेत्रों में भी अगले 16 घंटों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
सोमवार सुबह से ही मुंबई में झमाझम बारिश हो रही है, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है। सड़कों पर जलजमाव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। लोकल ट्रेन और मेट्रो सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। नगर निकाय अधिकारियों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में मुंबई में औसतन 95 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से अब तक बारिश जनित घटनाओं में महाराष्ट्र में 18 लोगों की मौत हो चुकी है और 65 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कोंकण क्षेत्र और आसपास के जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और प्रशासन द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें।
What's Your Reaction?






