पंचायत के दौरान बेटे ने पिता की चाकू मारकर की हत्या, संपत्ति विवाद बना वजह

Jun 17, 2025 - 18:16
Jun 30, 2025 - 14:27
 0  5701
पंचायत के दौरान बेटे ने पिता की चाकू मारकर की हत्या, संपत्ति विवाद बना वजह

पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पंचायत के दौरान बेटे ने अपने ही पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 65 वर्षीय चंद्रशेखर साह उर्फ जैक्सन साह के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर साह का अपने दो बेटों—राधाकांत साह और राजकिशोर साह—से ज़मीन और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को दिन में दो बार पंचायत बैठाई गई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। रात में जब तीसरी बार पंचायत हुई, तो विवाद एक बार फिर गरमा गया।

इसी दौरान बड़े बेटे राधाकांत के इशारे पर छोटे बेटे राजकिशोर ने धारदार चाकू से चंद्रशेखर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के बाद चंद्रशेखर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई और परिजन सदमे में हैं। मृतक की पत्नी लालमुनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी राधाकांत साह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि राजकिशोर फरार है जिसकी तलाश जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया गया है।

एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया तेज की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow