वाशी में मराठी बोलने पर छात्र की पिटाई, हॉकी स्टिक से हमला; मनसे ने की सख्त कार्रवाई की मांग

महाराष्ट्र में मराठी भाषा को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब यह मामला कॉलेजों तक पहुँच गया है। वाशी स्थित एक कॉलेज के बाहर सिर्फ मराठी में बात करने पर एक छात्र की बुरी तरह पिटाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाशी के एक कॉलेज के बाहर सूरज पवार नामक छात्र और फैजान नाइक नामक युवक के बीच मराठी भाषा में बातचीत को लेकर बहस हो गई। सूरज पवार जब मराठी में बोल रहा था, तब फैजान ने उसे धमकी दी – "मराठी मत बोल!"बात इतनी बढ़ गई कि फैजान ने अपने तीन और साथियों को बुला लिया। इसके बाद चारों ने मिलकर सूरज पवार पर हमला कर दिया। फैजान ने सूरज को हॉकी स्टिक से पीटा, जबकि बाकी साथियों ने लात-घूंसों से हमला किया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल सूरज पवार का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही वाशी पुलिस ने फैजान नाइक और उसके तीन साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।इस घटना पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मनसे की नवी मुंबई इकाई ने 26 जुलाई को पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।मनसे ने साफ तौर पर कहा है कि, "मराठी भाषा का अपमान सहन नहीं किया जाएगा। यदि कोई मराठी बोलने पर दादागीरी करता है, तो लोग बेझिझक मनसे से संपर्क करें।"गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब मराठी भाषा को लेकर विवाद हुआ हो। इससे पहले भी महाराष्ट्र में कई स्थानों पर मराठी बोलने या न बोलने को लेकर हिंसा और झड़प की खबरें सामने आ चुकी हैं।
अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी सख्ती दिखाती है और क्या यह मामला आने वाले समय में महाराष्ट्र की राजनीति में कोई बड़ा मोड़ लाता है या नहीं।
What's Your Reaction?






